Wednesday, October 21st, 2026

अगले टेस्ट में अक्षर पटेल का खेलना तय

नई दिल्ली
चेन्नै में होने वाले दूसरे टेस्ट में भारत की अंतिम एकादश में कम से कम एक बदलाव होगा, क्योंकि इंगलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद झारखंड के बाएं बाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम का बाहर होना लगभग तय है। नदीम के विकल्प पर फैसला शुक्रवार तक किया जाएगा लेकिन उम्मीद की जा रही है कि मैच फिट हो चुके ऑलराउंडर अक्षर पटेल उनकी जगह लेंगे। मंगलवार को समाप्त हुए पहले टेस्ट में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा था।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया, ‘अक्षर के घुटने में मामूली चोट थी और वह पहले ही नेट पर बल्लेबाजी शुरू कर चुका है। अगले कुछ दिनों में उसके गेंदबाजी भी शुरू करने की उम्मीद है।’ सूत्र ने कहा, ‘पहले टेस्ट में खेलने के लिए वह हमेशा पहली पसंद था लेकिन यह कप्तान विराट कोहली, मुख्य कोच रवि शास्त्री और गेंदबाजी कोच भरत अरूण पर निर्भर करेगा।’

कोहली ने मैच के बाद नदीम के प्रदर्शन को लेकर अपनी निराशा नहीं छिपाई और मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान कहा कि जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा और रविचंद्रन अश्विन ने जो दबाव बनाया उसे नदीम और वॉशिंगटन सुंदर बरकरार नहीं रख पाए। नदीम ने मैच में चार विकेट चटकाए लेकिन दोनों पारियों में 59 ओवर में 233 रन खर्च किए। इतना ही नहीं स्पिनर होने के बावजूद उन्होंने मैच में नौ नोबॉल फेंकी। नदीम ने स्वयं स्वीकार किया कि गेंदबाजी करते समय क्रीज पर कूदते हुए उनकी टाइमिंग में कुछ समस्या थी और उन्हें नेट पर इसमें सुधार करने की जरूरत है।

 

#अक्षर पटेल

Source : Agency

पाठको की राय